Monday, October 31, 2022

{३९७} मेरा परिचय क्या





मैं क्या, 
मेरा परिचय क्या। 

प्रभु सत्ता से भिन्न 
मेरी अपनी सत्ता क्या। 

ये जीवन, जीव-मरण का अभिनय है, 
सुकर्म, मनुज-जीवन की यज्ञ-आहुति,
परमार्थ, मनुज-जीवन का है तर्पण,
सत्य-पथ से न हो तुम विचलित, 
रहो अग्रसर धर्म-पथ पर,
तन-मन-धन सब कर दे अर्पण,
तू क्या,
तेरा परिचय क्या। 

मैं क्या, 
मेरा परिचय क्या।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Sunday, October 30, 2022

{३९६ } तुम्हारे इंतजार में





वापस जाते हुए 
चूमना था तुम्हें,
अपनी आँखों से 
ओझल होने तक 
देखना था तुम्हें,
होंठों की बुदबुदाहट 
बन्द होने के पहले 
कहने थे कुछ शब्द,
गिनना था अँगुलियों पर 
अपनी अगली मुलाकात का 
लम्बा दुखदायी अन्तराल। 


अचानक आँखों से 
दो आँसू टपके 
और तुम यकायक 
आँखों से ओझल हो गयी। 

मैं आज भी 
वहीं अनथक बैठा हूँ,
सिर्फ तुम्हारे इंतजार में।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Saturday, October 29, 2022

{३९५ } ज़िन्दगी दर्द भी है खूबसूरत भी





अदावत भी  है और मोहब्बत भी 
ज़िन्दगी  दर्द भी है  खूबसूरत भी। 

शबे-रोज  पढ़ता हूँ  तुम्हारी आँखें 
ये शरारत भी है और मोहब्बत भी। 

ज़िन्दगी में  गर दो-चार ग़म मिले  
वो नसीहत भी है और हिम्मत भी। 

माँ का आँचल है  अपना आसमाँ  
यही इनायत भी और इबादत भी। 

यूँ ही फ़कीरी में तेरे गुण गाता रहूँ  
यही मोहब्बत भी यही इबादत भी। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Thursday, October 27, 2022

{३९४ } तुम पर है जाँ निसार





तुम पर है जाँ निसार 
कर लो अब एतबार। 

फिरता हूँ मैं भटकता 
कब से हूँ मैं बेकरार। 

तिशनगी रूह की मिटे 
आ बन कर वो फुहार। 

हो गई दर्द की इंतिहा 
सुन ले दिल की पुकार। 

जिंदा रहे मेरी मोहब्बत 
खत्म कर मेरा इंतजार। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३९३ } चाहत के हरफ़





कुछ और  मेरे पास आ 
मेरे सँग तू भी  मुस्कुरा। 

भरोसा न हो  गर मुझपे 
तू  रकीबों के पास  जा। 

क्यों हो  रही बावरी  सी 
घड़ी दो घड़ी रुक जरा। 

इस दर्द से मुझे कर बरी 
या मेरा दर्द और दे बढ़ा।  

तेरी चाहत के हैं ये हरफ़ 
तू भी पढ़ और  गुनगुना। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 


रकीब = दूसरा प्रेमी 
हरफ़ = अक्षर 

Wednesday, October 26, 2022

{३९२} ज़िन्दगी का हिसाब





मेरी  ज़िन्दगी  की  किताब 
काँटों  सजा  कोई  गुलाब। 

वक्त   की  कश्मकश   में 
ढ़ल  गया  उम्र  का शबाब। 

कभी  दिन  सवाल  से खड़े 
कभी  रात  उसका  जवाब। 

कभी रात का चाँद ज़िन्दगी 
कभी  भोर  का  आफ़ताब। 

राज नहीं जीस्त  की कहानी 
यही मेरी ज़िंदगी का हिसाब। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३९१ } जहर के घूँट हँस-हँस के पिए हैं





जहर के घूँट हँस-हँस के पिए हैं 
हम बहरहाल सलीके से जिए है। 

एक दिन हमको भी याद करोगे 
चंद अफ़साने जमाने को दिए हैं। 

हमको दुनिया से दिली मोहब्बत 
बहुत इल्जाम दुनिया ने दिये हैं। 

ग़म की दौलत भी खूब मिली है 
ज़ख्म भी खाए आँसू भी पिये है। 

न की परवाह कभी रंजों-ग़म की 
शान से रहे और शान से जिये हैं। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Sunday, October 23, 2022

{३९० } खुशियों को कैसे मैं गम कहूँ





मिली खुशियों को कैसे मैं गम कहूँ 
मुस्काती आँखों को कैसे नम कहूँ। 

तेरा  ही तो  मेरे दिल  पर  राज है 
सिर्फ तुमको ही तो मैं सनम कहूँ। 

देख कर मुझको जो वो मुस्कुरा दे 
तो उसे दिलबर का ही करम कहूँ। 

वो तिरछी नजरों से मुझे बुला रही 
सच कहूँ इसे  या कि  भरम कहूँ। 

तुम जो आज मिले हो मुझसे यहाँ 
इसे मैं बस रब का ही करम कहूँ। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Friday, October 21, 2022

{३८९ } ये मेरी बज़्म नहीं





ये  मेरी  बज़्म नहीं मगर 
दिल  मेरा  यहाँ  लगा है। 

जाने वालों  को रोको मत 
रँगे-महफ़िल  तो जमा है। 

एक मँजर सा मेरे दिल में 
आरजुओं  का भी लगा है। 

उस  पर  रखो मरहम को 
जो  ज़ख्म  अभी  हरा  है। 

चलो चलें उस राहे ख्वाब पे 
जो ख्वाब आँखों में बसा है। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३८८ } आँखों में बसा किसी का ख्वाब है





आँखों में  बसा  किसी  का ख्वाब है 
हुजूर उसका नूर बहुत लाजवाब है। 

बैठे हैं कई रिन्द एक लम्बी कतार में 
उसकी आँखे  जैसे महँगी शराब है। 

मेरी  फितरत  फबेगी  खूब तुझ पर 
तेरे चेहरे पर पड़ा मेरा ही हिजाब है। 

फूलों  की  घाटी में दिल का कारवाँ 
क्या खूब उतरा सुनहरा सा ख्वाब है। 

खुद से कहा-सुनी के मजे लूट रहा हूँ 
अपने सवाल का अपना ही जवाब है। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३८७} हकीकत के फ़साने





खयालों   के   जमाने 
हकीकत और फ़साने। 

ज्यों बढ़ती परछाइयाँ 
उम्र से हो रहे सयाने। 

कहानी  ज़िन्दगी  की 
पुराने और नये तराने।
 
खामोशी के सिलसिले 
बुना करते सपने सुहाने। 

हवा में  खुमार  बाकी है 
अभी जिन्दा हैं वो दीवाने। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Thursday, October 20, 2022

{३८६ } ज़िन्दगी की तलाश है





ज़िन्दगी की तलाश है 
दर्द जिसका लिबास है। 

आबो-हवा में ज़हर भरा 
सारा आलम उदास है। 

एक सच के हजार चेहरे 
हर आदमी बदहवास है। 

मिटाए नहीं मिटती है ये 
न जाने कैसी ये प्यास है। 

हर सिम्त फैला है देखो 
अविश्वास ही अविश्वास है। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३८५} ज़िन्दगी को खुल कर जिया कीजिए





दिल को मजबूर मत किया कीजिए 
बात दिल की भी तो सुना कीजिए। 

लाख ग़म हों जीस्त में भुला के उन्हे 
आप जरा सा मुस्कुरा दिया कीजिए। 

ज़िंदगी बस दो-चार दिन की है नेमत 
ज़िन्दगी को खुल कर जिया कीजिए। 

जब कभी भी आपका दिल हो उदास 
आप बस हमें याद कर लिया कीजिए। 

खुश रहने की कोई खास वजह नहीं 
कभी-कभी बेवजह भी हँसा कीजिए। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३८४ } कविता का जन्म





मस्तिष्क में घुमड़ती 
शून्यता को चीर कर 
विचार जन्म पाते हैं। 

शब्दों की देहरी 
चढ़ते - चढ़ते 
संवादों से 
संवाद कर 
सुदृढ़ पंक्तियों का 
सुंदर रूप लेते है। 

और तब 
कभी दिन में 
या कभी रात में 
या यूँ ही 
किसी भी समय 
जन्मती है 
एक कविता।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Wednesday, October 19, 2022

{३८३ } प्यार






प्यार रास नहीं,
रंग रोमांस नहीं,
मन में पल भर को उठा 
कोई खुमार नहीं।। 

प्यार सौदा नहीं,
प्यार व्यापार नहीं,
तू न दे तो मैं न दूँ 
ऐसा कारोबार नहीं।। 

सृष्टि बस मेरी ही है 
किसी और का अधिकार नहीं 
जब हो सोंच ऐसी 
फिर तो वहाँ प्यार नहीं।। 

प्यार अकृतज्ञता नहीं,
ईर्ष्या और स्वार्थ नहीं,
कटुता और हिंसा से 
प्यार को सरोकार नहीं।। 

                                                                                        -- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३८२} कविता





कुछ पल के उथले चिंतन से 
नहीं जनमती है कविता,
हो कवि के अंतर्मन में द्वंद 
तभी पनपती है कविता।। 

दो नयनों से बहे अश्रु-धार 
तभी चमकती है कविता,
दो अधरों को मिले मुस्कान 
तभी ठुमकती है कविता।। 

सूने बिस्तर पर हो सिलवट तो 
बहुत सिसकती है कविता,
दो बाहों के आलिंगन में गुँथकर 
कुछ-कुछ सिमटती है कविता।। 

पूजा के श्रद्धा सुमनों में 
बहुत महकती है कविता,
क्रोधित मन में अग्नि-ज्वाल बन 
बहुत धधकती है कविता।। 

वात्सल्य भरी, ममतामयी सी 
छल-छल छलकती है कविता,
आवेश-ईर्ष्या-द्वेष-क्रोध सँग 
खूब उफनती है कविता।। 

मेरे मन से होकर उत्पन्न 
मेरे भावों से निखार सँवर 
तेरे कोमल मन तक भी 
यही पहुँचती है कविता।। 

                                                                                            -- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Tuesday, October 18, 2022

{३८१ } अम्मा





अम्मा,
आज तुम्हारी 
बहुत याद आ रही है। 

यूँ तनहा छोड़कर मुझे 
कहाँ चली गई हो तुम?

हर पल तेरी यादों में 
आँखे नम ही रहती है,

नहीं कर पा रहा समझौता 
इस वीरान हुई जिन्दगी से,

आदत रही है हमारी 
हमेशा तुम्हारे दुलार की,

उन दुलार भरे 
हाथों का स्पर्श 
महसूस करता हूँ 
आज भी स्वप्निल नींद मे,

पर, अक्सर ही 
नींद के लिए रात से जूझता 
ढूँढ़ता तुम्हारा चेहरा 
आसमान में चमकते 
इन चाँद सितारों में,

रात के नीरव सन्नाटे से डर कर 
तुम्हें ही खोजता शून्य में,
पर तुम,
दूर, शायद बहुत दूर 
चली गई हो 
फिर न वापस आने के लिए। 

अम्मा,
बहुत याद आ रही हो तुम। 

अम्मा,
ओ अम्मा।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Monday, October 17, 2022

{३८० } तुम्हारा वस्ल ही मरहम है





बड़ा ही वीरान मौसम है 
आँख भी हमारी नम है। 

कभी मिलने चले आओ 
हर जानिब तेरा ही ग़म है। 

तुम्हें इल्म है मेरे दिल का 
तुम्हारा वस्ल ही मरहम है। 

अँधेरी रात औ' तन्हा दिल 
दिए की लौ भी मद्धम है। 

यूँ न रूठ कर तुम जाओ 
ग़म वैसे भी नहीं कम हैं। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३७९} दर्द कितना हो आह मत करना





इश्क तुम खामख्वाह मत करना 
ज़िंदगी को यूँ तबाह मत करना। 

ज़िन्दगी तो इम्तिहान लेती ही है 
दर्द कितना हो आह मत करना। 

हुस्न तो होता ही है बड़ा फरेबी
उसकी तरफ़ निगाह मत करना। 

जो तुम्हें चैन दिल का दे न सके 
ऐसे शख्स की चाह मत करना। 

आँख मूँद के किसी से इश्क क्यूँ 
देखो तुम ऐसा गुनाह मत करना। 

साथ पाना हो जिससे नामुनासिब 
उनसे कोई भी निबाह मत करना। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 


निबाह = निर्वाह 

{३७८} हाँ शायद कल





बर्फ हो गईं संवेदनाएं 
अकड़ रहे हैं शब्द 
कँपकपा रही हैं भावनाएं 
कामनाएं चुप .........
और 
कल्पना स्थिर .........

आवाज अँधेरे कुहासे में 
डूबी हुई .........
सपाट पृष्ठ पर 
अंकित हो रही 
दहकती हुई चीख .........

चटक रहे हैं 
सन्नाटे .........,

सपने सर्द लिहाफ में 
सिकुड़ते जा रहे .........,

भोग रहा हूँ 
कर्मों का फल .........। 

पर कब तक?
कब मिलेगा 
सुकर्म का फल .........

बाट जोहता प्रारब्ध 
समय को बीतते देख रहा है। 

सोंच रहा है .........
शायद कल 
अच्छा होगा समय,
कल बदलेगा भाग्य,
शायद कल आएंगें 
खिलखिलाते हुए क्षण,
कल शांत होगा मन,
शायद कल ..................
हाँ, शायद कल ..................।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Sunday, October 16, 2022

{३७७ } ख़बर





चारों तरफ़ सन्नाटा है,
कहीं शोर सुनाई नहीं पड़ता,
इंसानियत खामोश है,
नपुंसकता की परिभाषा 
हिजड़े तय कर रहे हैं,
गूँगे फुसफुसा रहे हैं,
बहरे सुनने लगे हैं,
और लँगड़ों की 
फर्राटा दौड़ हो रही है,

शायद हम ऐसी ही 
खबरों की प्रतीक्षा में हैं,

तभी तो,
देशभक्ति और राष्ट्रवाद की ख़बर 
अब हमें रोमांचित नहीं करती,
बड़ी नहीं लगती,

ये खबरें हमें 
उत्तेजना से परे 
बर्फ़ की तरह 
ठण्डी लगती हैं,
और हमें ठण्ड से परहेज है।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३७६ } हार या जीत





अपनों की हार में 
अपनी ही हार है 
इस बात से ना-वाकिफ़ 
या 
इस बात से गाफिल लोग ही 
रिश्तों में जँग शुरू कर 
रिश्तों मे दरारें डालते हैं,

ऐसी दरारें 
जिन्हे भर पाना 
अत्यन्त कठिन होता है,

हे ईश्वर !
ऐसी जँग से 
सभी को बचाए,

जिससे,
अपनों की हार में 
अपनी ही हार का 
सामना न करना पड़े।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Saturday, October 15, 2022

{३७५ } कल का इंतजार





न जाने कितने कल 
आ कर बीत गए 
और कितने ही आज 
जो वर्तमान थे 
वो सारे कल में बदल गए 
पर मैं 
आज भी न जाने 
किस कल के इन्तजार में 
अपने वर्तमान को 
आज से कल में 
बदलने को आतुर हूँ 
यह सिलसिला निरंतर 
चलता ही रहेगा। 
चलता ही रहेगा।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३७४ } लफ़्ज़ लफ़्ज़ कराह रहा





हिज़्र में उसकी जल रहे 
प्राण हैं जैसे निकल रहे। 

जो भटकते रहे उम्र भर 
वो कदम नहीं सँभल रहे। 

दर्द मुझसे कभी न दूर थे 
आस-पास ही टहल रहे। 

लफ़्ज़ लफ़्ज़ कराह रहा 
दीदा-ए-नम मचल रहे। 

उखड़ रही अब साँस भी 
यूँ सिसकियों में पल रहे। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३७३} समय





ये कैसी है 
आफत..........

हर तरफ है 
नफरत ..........

खो गई है 
इशरत ..........

आँखों में बसी 
हिकारत ..........

बची नहीं 
अनारत ..........

कोई तो निकले 
सूरत ..........

फ़िर से हो 
मोहब्बत ..........।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 


इशरत = आनन्द 
हिकारत = घृणा 
अनारत = अनुरक्ति, प्रेम 


Friday, October 14, 2022

{३७२ } नया जगमगाता स्वर्णिम सबेरा





जहाँ है अक्स ग़म का 
वहाँ होगा जरूर खुशियों का चेहरा,
जहाँ है हँसने पर बंदिशें 
वहाँ होगा जरूर रोने पर पहरा,
जहाँ ज़िन्दगी में है गहरा अँधेरा 
वहाँ छुपा होगा जरूर स्वर्णिम सबेरा,
जहाँ छिपा है अज्ञान और असत्य 
वहाँ होगा जरूर गूढ़ ज्ञान और सत्य। 

फिर क्यों मनुष्य निराशा को 
इस कदर करता है 
हावी अपने मन पर,
यह जानते हुए कि 
होता है हर अँधेरे के बाद 
नया जगमगाता स्वर्णिम सबेरा। 
नया जगमगाता स्वर्णिम सबेरा।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३७१ } अपनों को कभी मत भुलाओ





कौतुहल हैं मन में अनेक,
उठते संशय भी दो-एक,
हम एक गाँठ खोलते 
गुत्थियाँ उलझ जाती अनेक। 

अपनों को ठुकराना,
गैरों को गले लगाना। 

अपनों से है बैर 
गैरों की पूँछें खैर। 

अपनों के आने से उदास,
गैरों के स्वागत में उल्लास। 

अपने हो गये पहेली,
गैरों से होती अठखेली। 

धुंध भरा काला साया,
मन में सबके छाया। 

पर, मैं तो बस यही कहता 
वक्त कैसा भी आए सामने 
अपना किरदार कभी मत गिराओ। 
अपने से अपनों को कभी मत भुलाओ।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Thursday, October 13, 2022

{३७० } दुश्वारी ही दुश्वारी है





दुश्वारी ही दुश्वारी है 
जीना भी लाचारी है। 

करता है मुझे याद 
उससे मेरी यारी है। 

खुशियों का हो चमन 
कितनी जिम्मेदारी है। 

इश्क हम कैसे करते 
क्या औकात हमारी है। 

मतलब से मतलब रखना 
कहलाती होशियारी है। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Tuesday, October 11, 2022

{३६९} तुम कविता हो





तुम कविता हो। 
कविता तेरे होंठों की लाली 
कविता तेरी चाल मतवाली 
कविता तेरी मन्द मुस्कान 
कविता जिस पर मैं कुर्बान 
तुम सरिता हो। 
तुम कविता हो।। 

कविता तेरे नूपुर की रुनझुन 
कविता तेरे मानस की गुन-गुन 
कविता तेरा मुझसे रूठ जाना 
पहले इठलाना फिर मान जाना 
तुम रूप-गर्विता हो। 
तुम कविता हो।। 

कविता तेरी तिरछी नज़र है 
चीर जाती जो मेरा जिगर है 
ईश्वर की अद्भुत रचना हो 
कवि की कोमल कल्पना हो 
तुम देव-निर्मिता हो। 
तुम कविता हूँ।। 

                                                                                            -- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Monday, October 10, 2022

{३६८ } आजादी गीत






गली गली में बजते देखो आजादी के गीत 
जगह जगह झंडे फहराएं यही पर्व की रीत 
बहे पवन, परचम फहराए, याद दिलाए जीत। 
गली गली में बजते देखो आजादी के गीत।। 

आजादी तो मिली किन्तु क्या वाकई आजाद हैं 
भूले जनमानस को नेता अनसुनी फ़रियाद हैं 
मंहगाई कि मारी जनता, भूल गई ये जीत। 
गली गली में बजते देखो आजादी के गीत।। 

हमने पाई आजादी, भाग गए गोरे-अंग्रेज 
किन्तु बटवारे की पीड़ा, दिल में अब भी तेज 
भाई हमारा हुआ पड़ोसी, भूल गए सब प्रीत। 
गली गली में बजते देखो आजादी के गीत।। 

योगी हम अपनी ही धुन के, सदा चमकता भाल 
देश ध्वज उठा हाथों मे, दशा देश कि रहे संभाल 
हर पल में याद रहे बस, अपना गौरवपूर्ण अतीत। 
गली गली में बजते देखो आजादी के गीत।। 

दिया हमारे वतन का, जलता रहे सदा 
पौधा आजादी का, फलता रहे सदा 
कर्जा अभी बड़ा है, हुआ अभी न वीत। 
गली गली में बजते देखो आजादी के गीत।। 

                                                                                        -- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

( वीत = मुक्त )

Sunday, October 9, 2022

{३६७ } हम न लड़खड़ाते हैं





दाँव पर अपने दिल को हम लगाते है 
चाहते हैं जिन्हे, उन्ही से मात खाते हैं। 

आगे-पीछे खाई है, बचें तो हम कैसे बचें 
चलो इस मुसीबत में मुकद्दर आजमाते हैं। 

हम हँसते खुशियों में खिलखिला कर खूब 
और मुश्किलों में भी हम यूँ ही मुस्कुराते हैं। 

बुझाते थे कभी दूसरों के घरों की आग को 
आज अपने घर की आग से दामन जलाते हैं। 

पाँव में पड़ी हैं मजबूरीयों की कड़ी-बेड़ियाँ 
मस्त चल रहे फ़िर भी हम न लड़खड़ाते हैं। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Friday, October 7, 2022

{३६६ } दास्ताने-ग़म किसी को क्या सुनाऊँ





कितने पिये दर्द के आँसू क्या बताऊँ 
दास्ताने-ग़म किसी को क्या सुनाऊँ। 

रिश्तों के आईने में पड़ चुकी हैं दरारें 
आईने से चेहरा अपना कैसे छुपाऊँ। 

चारों तरफ से चल रही हैं तेज हवाऐं 
इन आँधीयों के बीच दीप कैसे जलाऊँ। 

आवारगी में ही कट गई मौसमें-बहार 
पतझड़ों में दामन अपना कैसे बचाऊँ। 

साजिशें सभी मेरे अपनों की ही तो थीं 
इल्ज़ाम दुश्मनों पर भला कैसे लगाऊँ। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

{३६५ } क्या बताऊँ कि मैं कैसा हूँ





क्या बताऊँ कि मैं कैसा हूँ 
ईश्वर कि रची बिसात का 
बस एक मोहरा हूँ,

स्वयं बाजी चल नहीं सकता,
बस ईश्वर कि चली चाल पर 
किसी प्यादे की तरह 
कभी आगे कभी पीछे चलता हूँ,

कभी खुश होता हूँ 
तो कभी खूब रोता हूँ। 
क्या बताऊँ कि मैं कैसा हूँ।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Thursday, October 6, 2022

{३६४ } दिये मोहब्बत के क्यों जला नहीं देते





मुकद्दर मेरा तुम क्यों बना नहीं देते 
इक झलक क्यों दिखला नहीं देते। 

मरीजे-इश्क की इतनी तो खैर कर 
जानम बगैर जुर्म के सजा नहीं देते। 

दिए हैं ज़ख्म तो आहें भी अता कर 
ये खाली जख्म तन्हा मजा नहीं देते। 

दगा देते हैं मतलब परस्त ही केवल 
वफ़ा परस्त किसी को दगा नहीं देते। 

हर एक सिम्त नफरत ही नफरत है 
दिये मोहब्बत के क्यों जला नहीं देते। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Wednesday, October 5, 2022

{३६३ } मैं तलछट





मैं तलछट सा 
निकाल कर 
फेंक दिया गया हूँ, 

किनारे पर 
निर्विकार भाव से 
अठखेलियाँ करती 
लहरों को 
मेरा सहलाना 
किसी को भी 
रास नहीं आया। 

आखिर 
तलछट को 
यूँ तिरस्कृत कर 
फेंक देना ही तो 
उसका भाग्य है,

और मैं 
भाग्य को 
भोग रहा हूँ।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Tuesday, October 4, 2022

{३६२ } जाने क्यों कँटीली हो गई डगर





जब अँधेरों  को हो  गई ख़बर
तब रोशनी भी हो गई बेअसर। 

हम वजन रदीफ़ में उलझे रहे 
रह गई काफिये में ही कसर। 

हर सिम्त खुद को ही ढूँढ़ा किये 
खो गए हम भीड़ मे इस कदर। 

लगाया है जब से दर्द को गले 
ज़िन्दगी भी हो गई दर-बदर। 

ता - उम्र फ़ूल ही फ़ूल थे बोए 
जाने क्यों कँटीली हो गई डगर। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Monday, October 3, 2022

{३६१} क्यूँ तू मुझसे नज़र मिलाता नहीं





दूर रहना तुझे सुहाता नहीं 
पर नजदीक तू आता नहीं। 

हम इस कदर क्यूँ मजबूर हैं 
क्यूँ हो मंजूर जो भाता नहीं। 

तुझे शिकवा मेरे न आने का 
मेरी मुश्किल तू बुलाता नहीं। 

गैर से खुल कर तू बात करे 
मुझे देखके भी मुस्काता नहीं। 

क्या बात है कुछ कह तो सही 
क्यूँ तू मुझसे नज़र मिलाता नहीं। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल 

Saturday, October 1, 2022

{३६०} मौन हूँ मैं





मौन हूँ मैं,
मौन रह कर ही 
बता पाऊँगा दुनिया को 
कि मेरे हृदय में भी 
कुछ जज़्बात मचलते हैं,
दिल बल्लियों उछलता है,
चाहता मैं भी हूँ 
कि प्यार की कलियाँ महकें,
भावनाओं के झरने झरें,
मेघ कि हर गरज पर 
प्यार की बरसात हो,
चकाचौंध भरी इस दुनिया में 
मेरी भी एक छोटी सी चाहत है 
कि किसी हृदय रूपी प्रेम वीणा का 
गुँजित तार बनूँ,
कोई मेरे भी हृदय की 
मौन भाषा को समझे,
पर शायद अमावस की 
काली रात सा ही 
अन्धकारयुक्त है मेरा भाग्य,
इसीलिए भटकता हूँ 
उस रोशनी के लिए 
जिसका तारा अभी तक जन्मा ही नहीं।। 

-- गोपाल कृष्ण शुक्ल